Skip to content
यहेजकेल ३९:१३-२९

यहेजकेल ३९:१३-२९

१३
देश के सब लोग उन्हें मिट्टी देंगे, और जिस दिन मैं अपनी महिमा को प्रगट करूंगा, वह उनके लिये एक यादगार दिन होगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
१४
देश को शुद्ध करने के लिये लोगों की लगातार नियुक्ति की जाएगी. वे पूरे देश में फैल जाएंगे और दूसरों के साथ मिलकर वे उन लाशों को मिट्टी देंगे, जो ज़मीन पर पड़ी मिलेंगी. “ ‘सात माह के बाद, वे और विस्तृत खोज करेंगे.
१५
जब वे देश में से होकर जाएंगे, तब यदि किसी को कोई मनुष्य की हड्डी दिखेगी, तो वह उस हड्डी के बाजू में एक चिन्ह छोड़ देगा, और चिन्ह तब तक रहेगा, जब तक कब्र खोदनेवाले आकर उसे हामोनाह नामक नगर के निकट, हामोन-गोग की घाटी में मिट्टी न दे दें. और इस प्रकार वे देश को शुद्ध करेंगे.’
१७
“हे मनुष्य के पुत्र, परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: सब प्रकार के पक्षी और सब जंगली जानवरों को बुलाओ: ‘सब तरफ से आओ और उस बलिदान के लिये एक जगह जमा हो जाओ, जिसे मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं. यह इस्राएल के पर्वतों पर महान बलिदान होगा. वहां तुम मांस खाओगे और खून पियोगे.
१८
तुम शक्तिशाली लोगों के मांस को खाओगे और पृथ्वी के राजकुमारों का खून ऐसे पियोगे, मानो वे मेढ़े और मेमने, बकरे और बैल हों—जिन्हें बाशान में मोटा-ताजा किया गया हो.
१९
जो बलिदान मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं, उसे खाते-खाते तृप्‍त हो जाओगे और खून को पीते-पीते छक जाओगे.
२०
मेरी मेज़ पर घोड़ों और सवारों, शक्तिशाली मनुष्यों और हर प्रकार के सैनिकों को खाकर संतुष्ट हो जाओगे,’ परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
२१
“मैं जाति-जाति के लोगों के बीच अपनी महिमा प्रगट करूंगा, और सारी जातियां उनको दिये गए मेरे दंड और उन पर उठे मेरे हाथ को देखेंगी.
२२
उस दिन से आगे इस्राएल के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं.
२३
और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि इस्राएली अपने पाप के कारण बंधुआई में चले गये थे, क्योंकि वे मेरे प्रति विश्वासयोग्य नहीं थे. इसलिये मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया और उन्हें उनके शत्रुओं के अधीन कर दिया, और वे सब तलवार से मारे गए.
२४
उनकी अशुद्धता और उनके अपराधों के अनुसार मैंने उनसे व्यवहार किया, और मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया.
२५
“इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: अब मैं याकोब की स्थिति को बदलूंगा और इस्राएल के सब लोगों पर कृपा करूंगा, और मैं अपने पवित्र नाम के लिये उत्साही रहूंगा.
२६
जब वे अपने देश में सुरक्षित रहेंगे और उन्हें कोई भयभीत करनेवाला न होगा, तब वे अपनी लज्जा और मेरे प्रति किए गए सब विश्वासघात को भूल जाएंगे.
२७
जब मैं उन्हें विभिन्‍न जाति के लोगों के बीच से वापस ले आऊंगा और उनके शत्रुओं के देश में से लाकर उन्हें इकट्ठा कर लूंगा, तब उनके ज़रिए मैं बहुत सी जनताओं की दृष्टि में पवित्र ठहरूंगा.
२८
तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं, हालाकि मैंने उन्हें जाति-जाति के लोगों के बीच बंधुआई में जाने दिया था पर मैं उन्हें उनके अपने देश में इकट्ठा करूंगा, और एक को भी पीछे नहीं छोड़ूंगा.
२९
मैं फिर कभी उनसे अपना मुंह नहीं छिपाऊंगा, क्योंकि मैं इस्राएल के लोगों पर अपना आत्मा उंडेलूंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.”

बाइबल पाठ: Biblica® Open Hindi Contemporary Version™, © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. · CC BY-SA 4.0“Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc., used with permission.

Settings

Reading style

Typeface

Font size 19px

Reading width 75 chars

Options