यहेजकेल ३९:१-१२
१
“हे मनुष्य के पुत्र, गोग के विरुद्ध भविष्यवाणी करके कहो: परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: ‘हे गोग! रोश, मेशेख और तूबल के मुख्य राजकुमार, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं.
२
मैं तुम्हें घूमा दूंगा और साथ में घसीटूंगा. मैं तुम्हें बहुत दूर उत्तर दिशा से लाऊंगा और तुम्हें इस्राएल के पर्वतों के विरुद्ध भेजूंगा.
३
तब मैं तुम्हारे बायें हाथ के धनुष को मारूंगा और तुम्हारे दायें हाथ से तुम्हारे तीरों को गिरा दूंगा.
४
इस्राएल के पर्वतों पर तुम गिरोगे, तुम्हारे साथ तुम्हारी सारी सेना और तुम्हारे साथ की जातियां भी गिरेंगी. मैं तुम्हें भोजन के रूप में सड़ा मांस खानेवाले सब प्रकार के पक्षियों और जंगली जानवरों को दे दूंगा.
५
तुम खुले मैदान में गिरोगे, क्योंकि मैंने कहा है, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
६
मैं मागोग और उन पर आग भेजूंगा, जो समुद्रतट में सुरक्षा की स्थिति में रहते हैं, और वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.
७
“ ‘मैं अपने इस्राएली लोगों के बीच अपने पवित्र नाम को प्रगट करूंगा. मैं अपने पवित्र नाम को फिर अपवित्र होने नहीं दूंगा, और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह ही इस्राएल में पवित्र हूं.
८
यह आ रहा है! यह निश्चित होकर रहेगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. यह वह दिन है, जिसके बारे में मैंने कहा है.
९
“ ‘तब जो इस्राएल नगरों में निवास करते हैं, वे बाहर जाएंगे और हथियारों का प्रयोग ईंधन के लिये करेंगे और उन्हें जला देंगे—छोटी और बड़ी ढाल, धनुष एवं तीर, युद्ध की गदा और बर्छी सबको जला देंगे. सात सालों तक वे उनका उपयोग ईंधन के रूप में करेंगे.
१०
उन्हें मैदान में लकड़ी जमा करने की या बंजर भूमि से लकड़ी काटने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि वे हथियारों का उपयोग ईंधन के लिये करेंगे. और वे उनको लूटेंगे, जो उनको लूटे थे और उनसे छीनेंगे, जो उनसे छीन लिये थे, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
११
“ ‘उस दिन मैं गोग को इस्राएल में एक कब्रस्थान दूंगा, जो उन लोगों की घाटी में होगा, जो समुद्र के पूर्व की ओर यात्रा करते हैं. यह कब्रस्थान यात्रा करनेवालों का रास्ता रोकेगा, क्योंकि गोग और उसके सब उपद्रवी झुंड को वहां दफना दिया जाएगा. इसलिये इस स्थान को हामोन-गोग की घाटी कहा जाएगा.
१२
“ ‘देश को शुद्ध करने के लिये इस्राएली उन्हें सात माह तक मिट्टी देते रहेंगे,
बाइबल पाठ: Biblica® Open Hindi Contemporary Version™, © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. · CC BY-SA 4.0“Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc., used with permission.
Settings